GA4-314340326 शाबाश! देवघर पुलिस ने देशभर में सबसे अधिक साइबर अपराधी पकड़े

शाबाश! देवघर पुलिस ने देशभर में सबसे अधिक साइबर अपराधी पकड़े

*जनवरी से अभी तक 651 साइबर अपराधी दबोचे गए

*साइबर अपराध से जुड़े 700 केस जिले में दर्ज हुए

*गिरफ्तार अरापियों के पास से 1700 सिम हुए बरामद

मीडिया को जानकारी देते देवघर एसपी।

 Deoghar (Jharkhand): साइबर अपराध में देवघर पूरे देश में बदनाम रहा है। लेकिन जिस तेजी से यहां के अपराधी साइबर ठगी कर रहे हैं, उतनी ही तत्परता से पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर भी कर रही है। एक साल के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। 2024 में देवघर जिले में 651 साइबर अपराधी गिरफ्तार हुए हैं। पूरे देश में किसी भी जिले में इस साल इतने साइबर अपराधी गिरफ्तार नहीं हुए। यानी साइबर अपराधियों को गिरफ्तार करने में देवघर पुलिस ने इस साल पूरे देश में रिकॉर्ड बनाया है। एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग के कार्यकाल में साइबर अपराधियों की सर्वाधिक गिरफ्तारी का रिकॉर्ड बना है। आंकड़े बताते हैं कि इस साल जिले भर में 700 साइबर क्राइम से संबंधित केस दर्ज किए गए। साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनसे 1700 सिम भी पुलिस ने बरामद किए। पिछले एक माह में जिले में करीब 208 ऐसे सिम जब्त हुए, जिसका कनेक्शन साइबर क्राइम से रहा है। वहीं कई संदिग्धों पर पुलिस ने निगरानी का प्रस्ताव भी भेजा है। पिछले छह माह में साइबर अपराधियों से पचास हजार कैश भी बरामद हुए हैं।

साइबर क्राइम के खिलाफ देवघर पुलिस की रणनीति

स्पेशल ट्रेनिंग : पिछले कुछ साल में देवघर जिले में साइबर क्राइम में बढ़ोतरी हुई है। इससे निपटने के लिए साइबर थाना तो खुला ही है, पुलिसवालों को भी विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि साइबर से जुड़े केसों का पुलिस गुणवत्ता पूर्ण तरीके से अनुसंधान करें।

 पांच प्रखंडों में विशेष फोकस : जिले के पांच प्रखंड मधुपुर, सारठ, देवघर, सारवां सोनारायठाढ़ी में सबसे अधिक साइबर क्राइम हो रहा है। इन्हीं प्रखंडों से सबसे अधिक साइबर अपराधी भी दबोचे जा रहे हैं। इसलिए उक्त प्रखंडों में पुलिस का विशेष ध्यान है। खासकर जंगल और पहाड़, जहां साइबर अपराधी छुपते हैं।

 700 गिरफ्तारी का लक्ष्य : एसपी ने निर्देश दिया है कि इस साल के अंतिम दिन तक 700 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार करना है। इसमें 651 को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। बचे आठ दिनों में 49 साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी का लक्ष्य एसपी ने निर्धारित किया है।

देवघर में एक भी साइबर अपराधी नहीं बचेगा 

जिले में साइबर अपराध को जड़ से खत्म करना देवघर पुलिस की प्राथमिकता है। इसी कड़ी में देवघर जिले की पुलिस ने इस साल पूरे देश में सबसे अधिक साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। साइबर अपराध और अपराधी के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा।

अजीत पीटर डुंगडुंग, एसपी, देवघर 


क्लिक करें और नवभास्कर के वाट्सएप चैनल से जुड़ें, खबरों से अपडेट रहें




Well done! Deoghar police caught the most cyber criminals in the country

Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने