Bengal Global Business Summit-2025 के आठवें संस्करण के उद्घाटन समारोह में सीएम हेमंत सोरेन हुए शामिल
![]() |
झारक्राफ्ट के स्टॉल का उद्घाटन करते सीएम हेमंत सोरेन। |
झारखंड में निवेश की अपार संभावनाएं, उद्यमियों का स्वागत है
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समिट में मुझे देश-विदेश से आये मेहमानों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों से मिलने का मौका मिल रहा है। इससे यह जानने- समझने का अवसर मिलेगा कि निवेशकों के सहयोग से झारखंड के समग्र विकास की दिशा में कैसे आगे बढ़ सकते हैं। मैं इसी आशा और उम्मीद से बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट - 2025 में आए उद्यमियों तथा निवेशकों को झारखंड आमंत्रित करता हूं । आप निवेश करें, ताकि विकास के मामले में झारखंड राज्य भी तेजी से आगे बढ़े।
देश की अर्थव्यवस्था में झारखंड का अहम रोल
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड देश का एक ऐसा राज्य है, जहां देश का लगभग 40 प्रतिशत खनिज संसाधन पाया जाता है। कई खनिज एवं उद्योगों के लिए जरूरी रॉ मैटेरियल्स का झारखंड सबसे बड़ा उत्पादक राज्य है। ऐसे में देश की अर्थव्यवस्था में यह राज्य अहम भूमिका निभाता रहा है। सीएम ने कहा-यहां कई खनिज आधारित उद्योग लंबे समय से स्थापित हैं। कई औद्योगिक घरानों ने यहां निवेश किया है। लेकिन, वर्तमान परिवेश में इस राज्य को और आगे ले जाने की जरूरत है। इसके लिए यहां नए-नए उद्योग लगे, इसके लिए नए सिरे से पहल कर रहे हैं।
खनिजों के अलावा अन्य सेक्टर में भी अपार संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खनिज आधारित उद्योगों के साथ-साथ कला- संस्कृति एवं पर्यटन जैसे अनेकों क्षेत्र में विकास और निवेश की अपार संभावनाएं हैं। झारखंड देश का सबसे ज्यादा तसर उत्पादक राज्य है, ऐसे में टेक्सटाइल क्षेत्र में भी यह राज्य आगे बढ़ सकता है। कला- संस्कृति के मामले में झारखंड की गिनती समृद्ध राज्यों में होती है । यहां के नेचुरल ब्यूटी को देखते हुए पर्यटन के क्षेत्र में भी झारखंड निवेशकों की पहली पसंद बन सकता है। उन्होंने उद्यमियों से कहा कि आप झारखंड आएं, सरकार आपको पूरा सहयोग करेगी।
झारखंड और पश्चिम बंगाल में कई गतिविधियां एक जैसी
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड और पश्चिम बंगाल एक- दूसरे से काफी करीब हैं। इन दोनों ही राज्यों में चल रही कई गतिविधियां एक जैसी ही है। ऐसे में यह बताना मुश्किल है कि कौन गतिविधि झारखंड और कौन बंगाल की है । दोनों ही राज्य कई मामलों में एक जैसी गतिविधियों के साथ निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। इस तरह की पहल से दोनों ही राज्यों के समग्र विकास का नया रास्ता खुल रहा है।
Bengal Global Business Summit-2025: With the support of investors, we will move towards the overall development of Jharkhand: Hemant
एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.