GA4-314340326 Hit & Run : शराब के नशे में पहले बाइक को ठोका, फिर शादी में शामिल लोगों को कुचलता गया

Hit & Run : शराब के नशे में पहले बाइक को ठोका, फिर शादी में शामिल लोगों को कुचलता गया

* कार इतनी रफ्तार में थी कि दुर्घटना में उसका एयर बैग ब्लास्ट करके फट गया 
* बाइक को धक्का मारने के बाद कार वीडियो ग्राफर को रौंदती हुई भीड़ में घुस गई
* कार को उठा कर उसके नीचे से पांच लोगों को निकाला गया, दूल्हे का कपड़ा घायलों के खून से रंग गया था
* बारात में आए सौ-सवा सौ बाराती हादसे के बाद भाग खड़ा हुए
* आंसू और सिसकियों के बीच सिंदूरदान की रस्म पूरी की गई 

दुर्घटना स्थल पर बिखरे घायलों और मृतकों के जूते-चप्पल।
Anil/ Angara (Ranchi): सिकिदिरी थाना क्षेत्र स्थित सांडी गांव में सोमवार को कार्तिक महतो की बेटी लीला कुमारी की शादी थी। कार्तिक महतो ने अपने सामर्थ्य से कहीं बढ़कर दामाद और बारातियों के स्वागत की तैयारी की थी। सगे-संबंधी, नाते-रिश्तेदार और पड़ोसी-अड़ोसी सभी लीला की शादी में शरीक होने आए थे, हर तरफ खुशी का माहौल था। सुबह से गाना-बजाना चल रहा था। पास के लुपुंग जारा गांव से बारात आई थी। बारात द्वार लग रही थी। रात के करीब एक बजे रहे थे। दूल्हा गणेश महतो की गाड़ी द्वार लग गई थी। बारात में आए दूल्हे के दोस्त नाचने में मग्न थे। समधी मिलन और द्वार पूजा की रस्म निभाई जा रही थी। महिलाएं शादी के गीत गा रही थीं। अचानक एक बेकाबू हुंडई आई-10 कार (JH 01EW-3505) आकर भीड़ में घुस गई। हर तरफ चीख-पुकार मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक कार कई लोगों को कुचल चुकी थी। तीन बारातियों की मौत हो चुकी थी। दर्जनभर से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल थे। पलभर में शादी का माहौल मातम में बदल गया था। जो महिलाएं शादी के गीत गा रही थीं, उनके आंसू रोके नहीं रुक रहे थे। मृतकों में मासू गांव के शंकर महतो, बेरवारी के महेश महतो व ओरमांझी के बालेश्वर महतो शामिल हैं। जबकि घायलों में सांडी निवासी आशीष महतो, लुपुंग के ग्राम प्रधान बासुदेव पाहन, फूलेन महतो, मुकेश महतो, राजकिशोर महतो, रमेश महतो, देवव्रत महतो, प्रेम मुंडा व लुपुंग निवासी मनिया महतो, कार चालक हिमांशु साहू उर्फ बबलू व मनोज महतो शामिल हैं।




नशे में था कार चालक

ओरमांझी-सिकिदिरी रोड पर स्थित सांडी गांव में कार्तिक महतो के द्वार पर बारात लगी थी। समधी मिलन चल रहा था, तभी शराब के नशे में धुत होकर गांव के ही हिमांशु साहू अपने दोस्त मनोज महतो को कार में बैठाकर तेज रफ्तार से आ रहा था। पहले उसने सड़क पर एक बाइक सवार को धक्का मारा, उसके बाद हड़बड़ी में भागने की कोशिश में कार की स्टीयरिंग से नियंत्रण खो बैठा। ‌‌‌‌‌कार भीड़ में जा घुसी। इसके बाद भी भागने के क्रम में कई लोगों को कुचलती हुई दूल्हे की कार से टकरा कर रुक गई। हिमांशु की उम्र 17 साल बताई जा रही है। 

गुस्साए लोगों ने कार सवारों को धुना

दुर्घटना के बाद गुस्साए लोगों ने कार से खींच कर हिमांशु और मनोज की जमकर पिटाई की। लोगों की पिटाई से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। हिमांशु पांचा निवासी सुनील साहू का इकलौता बेटा है। इंटर की परीक्षा लिखा है, आज उसका रिजल्ट आने वाला है।

गमगीन माहौल में हुई शादी

दुर्घटना के बाद गमगीन माहौल में लीला कुमारी और गणेश महतो की शादी हुई। शादी की कोई रस्म नहीं हुई, केवल किसी तरह सिंदूरदान कराया गया। विवाह गीत की जगह महिलाओं की सिसकियां सुनाई दे रही थी। दूल्हा-दुल्हन भी लगातार रोए जा रहे थे। मंगलवार सुबह पांच बजे दुल्हन को विदा किया गया। दुल्हन ससुराल पहुंचने के आधा घंटा के बाद ही वह अपने मृतक मौसा बालेश्वर महतो के घर चली गई।

दुल्हन के मौसा और दूल्हे के मामा की हुई मौत 

दुर्घटना में दुल्हन के मौसा बालेश्वर महतो और दूल्हे के मामा महेश महतो की मौत हुई है। दूल्हा गणेश महतो ने बताया कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। बाइक को धक्का मारने के बाद कार वीडियो ग्राफर को रौंदती हुई भीड़ में घुस गई। हमलोगों ने कार को उठा कर उसके नीचे दबे पांच लोगों को निकाला। कार का एयर बैग भी फट गया था। मेरा कपड़ा घायलों के खून से रंग गया था। बारात में आए करीब सौ-सवा सौ लोग सभी दुर्घटना के बाद भाग खड़ा हुए। 

यह भी पढ़ें:  बारात में पसरा मातम, तीन की मौत, दर्जनभर घायल

दूल्हा बाल-बाल बचा 

दर्घटना में दूल्हा गणेश महतो बाल-बाल बचा। भीड़ की रौंदती हुई कार दूल्हा की कार से टकराकर रुक गई। कार के नीचे 5-6 लोग दबे हुए थे। वे दर्द से कराह रहे थे। कार के दोनों एयर बैग खुलकर ब्लास्ट हो गए। दूल्हे ने कार से तुरंत उतर कर चालक दूति महतो व अन्य की मदद से कार को ऊपर उठाया। कार के नीचे दबे सभी घायल को दूल्हा गणेश ने खुद खींच कर बाहर निकाला। अस्पताल भिजवाया। दूल्हे का कपड़ा पूरी तरह से खून से रंग गया था, उसी कपड़े में उसने शादी की।

बारातियों के लिए बना भोजन जमीन में गाड़ा गया 

वरमाला सहित शादी की कोई रस्म नहीं हुई। कैमरामैन घायल हो गया। घर में मातम छाया हुआ था। सभी रो-रहे थे। किसी तरह सिंदूर दान कराकर दुल्हन को लेकर गणेश अपने घर लौट आया। रास्तेभर नवदंपती रोते रहे। घर में कुछ रस्म कर फिर से लीला को मायके पहुंचा दिया। बरातियों के लिए बनाए गए भोजन को जमीन में गाड़ दिया गया।

शंकर महतो का वंश खत्म हो गया 

मासू निवासी शंकर महतो का वंश ही खत्म हो गया। तीन माह पूर्व 2 फरवरी को गोंदलीपोखर में हुई एक सड़क दुर्घटना में शंकर के इकलौते पुत्र आकाश महतो की मौत हो गई थी। इस हादसे से परिवार उबरा भी नहीं था कि खुद शंकर महतो की मौत हो गई। शंकर के परिवार में अब उनकी पत्नी रीता देवी व पुत्री प्रियंका कुमारी बची है। बेड़वारी के महेश महतो ने एक माह पूर्व 23 अप्रैल को ही अपने पुत्र भीमेश्वर महतो की शादी की थी। महेश उषा मार्टिन का कर्मचारी था। वहीं, बालेश्वर महतो बीआईटी का कर्मचारी था।

जनप्रतिनिधियों ने मुआवजे की मांग की 

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता जैलेन्द्र कुमार, जिला परिषद सदस्य ओरमांझी सरिता देवी, जिला परिषद सदस्य अनुराधा मुंडा, कुरमी विकास मोरचा के प्रधान महासचिव रामपोदो महतो, आजसू नेता जगरनाथ महतो पीड़ीत परिवार से मिले। नेताओं ने सरकार से मृतक के स्वजनों को पांच-पांच लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की। इधर, अनगड़ा बीडीओ उत्तम प्रसाद ने बताया कि अनगड़ा प्रखंड के दोनों मृतक के स्वजनों को पारिवारिक लाभ योजना से 20-20 हजार रुपए का मुआवजा दिया जाएगा।

Hit & Run: A young man driving a car under the influence of alcohol first hit the bike, then crushed the people involved in the marriage




Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم