GA4-314340326 पुलिस का एक्शन: अफीम माफिया में हड़कंप, ग्रामीण नष्ट करने लगे अफीम की खेती

पुलिस का एक्शन: अफीम माफिया में हड़कंप, ग्रामीण नष्ट करने लगे अफीम की खेती

 

अनिल कुमार चौधरी/ angara(ranchi)  अनगड़ा थाना पुलिस के द्वारा अफीम की खेती के खिलाफ पिछले एक माह से की जा रही ताबड़तोड़ कारवाई का असर शनिवार को दिखा। अनगड़ा थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती अंबाझरिया व सताकी पंचायत के भेलवाटीकरा व चंदवाटुंगरी गांव में ग्रामीणों ने स्वयं से अफीम की खेती को नष्ट करना शुरू किया। शुक्रवार की रात में ही गांव में मुनादी पिटवा दी गई थी। सुबह में ग्रामीण अपने अपने हाथों में लाठी, दावली लेकर अफीम की खेती को नष्ट करने निकले। इसमें महिलाओं की संख्या अधिक थी। देखते ही देखते करीब दस एकड़ भूमि में लगा अफीम की खेती को पूरी तरह से ग्रामीणों ने नष्ट कर दिया। ग्रामीणों का नेतृत्व अंबाझरिया मुखिया उपेन्द्र उरांव कर रहे थे। एक पखवाड़ा पूर्व अनगड़ा थाना प्रभारी हीरालाल साह ने उक्त दोनों पंचायतों में अफीम की खेती के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया था। मुखिया उपेन्द्र उरांव ने बताया कि ग्रामीण अब जागरूक हो गये है, सभी से वैकल्पिक खेती करने व अफीम की खेती का विरोध करने का संकल्प कराया गया है। अब से पूरे क्षेत्र में अफीम की खेती के खिलाफ ग्रामीण टोली बनाकर काम करेंगे। हर हाल में अफीम की खेती को पूरे पंचायत से उखाड़ दिया जाएगा।  

पहली बार अफीम की खेती नष्ट कर रहे ग्रामीण

ग्रामीणों द्वारा अफीम की खेती को नष्ट करने का यह पहली घटना है। थाना प्रभारी हीरालाल साह बताते है अभी तक अफीम की खेती के खिलाफ सिर्फ सनहा होता रहा है। हमने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करना शुरू किया। नतीजा यह हुआ कि आज तक दो लोगों को अफीम की खेती करने के अपराध में जेल भेजा जा चुका है। लगातार पुलिस की दबिश से अफीम तस्करों में खौफ है। ग्रामीण भी अब खुलकर अफीम की खेती के खिलाफ खुलकर सामने आ रहे है।    

एक माह मे पचास एकड़ भूमि में लगी अवैध अफीम की खेती नष्ट

पिछले एक माह के दौरान अनगड़ा थाना की पुलिस ने पचास एकड़ से अधिक भूमि में लगी अफीम की खेती को नष्ट कर चुकी है। इस मामले में शनिवार को सताकी कुलकूटांढ निवासी गणेश महतो व चार दिन पूर्व कोंताटोली के चटटानटोली निवासी बुधराम बेदिया को अफीम की खेती करने के अपराध में जेल भेजा जा चुका है। छह से अधिक प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है।   

अफीम खेती के समूल नाश तक जारी रहेगा अभियान: अनगड़ा थाना प्रभारी

अनगड़ा थाना प्रभारी हीरालाल साह ने अफीम माफियाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि या तो वे वैकल्पिक कृषि के साथ जुड़े या जेल जाने को तैयार रहे। जिसकी भी भूखंड पर अफीम की खेती की जा रही है उसका अंचल कार्यालय से जीआई वेरिफाई कर जमीन के स्वामी का पहचान किया जा रहा है। हर हाल में ऐसे जमीन मालिक को चिन्हित कर जेल भेजा जाएगा। जिससे दशकों से जारी अफीम की खेती करनवाले रैकेट का खुलासा भी संभव है। इससे आनेवाले सालों में अफीम की खेती में कमी आएगी। अफीम के खेती के समूल नाश करने तक अनगड़ा पुलिस अभियान चलाते रहेगी। 

Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने