GA4-314340326 Giridih : रजिस्टर-2 की सर्टिफाइड कॉपी के लिए किजपा बेमियादी धरना शुरू

Giridih : रजिस्टर-2 की सर्टिफाइड कॉपी के लिए किजपा बेमियादी धरना शुरू

तिसरी प्रखंड-अंचल कार्यालय के मेन गेट पर धरने पर बैठे किजपा के कार्यकर्ता।
Giridih : 14 महीनों से रजिस्टर-टू की सर्टिफाइड कॉपी के लिए आंदोलन कर रही किसान जनता पार्टी (किजपा) ने गुरुवार से फिर तिसरी प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। किजपा कार्यकर्ता गुरुवार दोपहर में नारेबाजी करते हुए प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इस दौरान तिसरी के सीओ अखिलेश्वर प्रसाद के खिलाफ उनमें आक्रोश देखा गया। लोगों ने सीओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि, सरकारी छुट्टी होने के कारण वहां एक भी कर्मी मौजूद नहीं था। धरने पर बैठे लोगों का कहना है कि झारखंड हाईकोर्ट की रिट याचिका संख्या 5925/2022 में पारित आदेश व गिरिडीह के अपर समाहर्ता के पत्रांक 1854/2024 द्वारा दिए गए निर्देश के आलोक में रजिस्टर-2 की प्रतिलिपि के लिए आवेदन शुल्क जमा करने के बाद भी उन्हें प्रतिलिपि नहीं दी जा रही। जबकि, जमुआ, बगोदर और गांडेय में प्रतिलिपि दी जा रही है। धरनार्थियों ने सीओ पर भू-माफिया से मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। वहीं, धरने की सूचना पर पुलिस ने भी तैयारी कर रखी थी। धरनार्थियों के पहुंचने से पहले ही वहां महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया था।

14 महीनों से हैं आंदोलरत, कई बार सड़क जाम व धरना दे चुके हैं

हालांकि यह कोई नई बात नहीं है, इससे पूर्व भी किजपा के कार्यकर्ता तिसरी प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष 16 दिनों तक अनिश्चितकालीन धरने पर थे। जहां पदाधिकारियों के उदासीन रवैये को देखते हुए अंत में उन्होंने प्रखंड सह अंचल कार्यालय में तालाबंदी कर दी थी। जिसके कुछ समय बाद पुनः तिसरी - गिरिडीह मुख्य मार्ग को एफसीआई गोदाम के पास जाम कर किया गया था। हालांकि तब तिसरी के थाना प्रभारी रंजय कुमार द्वारा समझाने पर सड़क जाम हटा दिया गया। पर कोई सुनवाई नहीं होने पर बीते 20 मार्च को तिसरी - गिरिडीह मुख्य मार्ग को फिर से जाम किया था। हालांकि लगभग 6 घंटे तक जाम करने के बाद पुलिस ने जाम हटवाया था। फिर भी प्रतिलिपि नहीं मिलने पर  पुनः तिसरी चौक पर लगभग 6 घंटे तक सड़क जाम किया गया जिसके बाद स्वतः प्रखंड सह अंचल कार्यालय में तालाबंदी कर दी थी। इस मामले में अंचल के सीआई सुधाकर शर्मा के लिखित शिकायत पर 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जिसके बाद पुनः किजपा के कार्यकर्ताओं ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष लगभग 4 घंटे तक धरना दिया था। वहीं इस बार आर - पार की लड़ाई की बात कहकर एक बार फिर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। वहीं इस बाबत तिसरी सीओ से पक्ष लेने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

Giridih: KJP begins indefinite dharna for certified copy of Register-2


Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم